Site icon Nagrikthikana

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में यूपी T20 लीग का धमाकेदार आगाज, अव्यवस्था ने डाला खलल

लखनऊ। लखनऊ का अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम 17 अगस्त 2025 को यूपी T20 लीग के उद्घाटन समारोह का गवाह बना। बॉलीवुड के चमकते सितारों ने स्टेज पर आग लगा दी, लेकिन अव्यवस्था ने कई दर्शकों का मजा किरकिरा कर दिया। सुनिधि चौहान, दिशा पाटनी, तमन्ना भाटिया, जान्हवी कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे सितारों की परफॉर्मेंस ने खूब तालियां बटोरीं, मगर जनरल स्टैंड के दर्शक दूरबीन लेकर भी शो का लुत्फ नहीं उठा सके।शाम ढलते ही स्टेडियम में रौनक बिखर गई। सुनिधि चौहान ने अपनी जादुई आवाज में “देसी गर्ल” और “मतलबी” जैसे गीत गाकर माहौल को गर्म कर दिया। फिर दिशा पाटनी ने अपने शानदार डांस मूव्स से दर्शकों का दिल जीता।

तमन्ना भाटिया ने “यूपी बिहार लूटने” और “स्त्री 2” के गानों पर ऐसा नृत्य किया कि वीआईपी स्टैंड में बैठे लोग झूम उठे। आखिर में जान्हवी कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने “परम सुंदरी” जैसे गीतों पर परफॉर्म कर समां बांधा। लेकिन जनरल स्टैंड के दर्शकों के लिए ये सारा तमाशा दूर का सपना ही रहा। स्टेज वीआईपी स्टैंड के सामने बना था, जिससे आम दर्शक सिर्फ धुएं और शोर का “आनंद” ले सके।दरअसल, आयोजन में अव्यवस्था ने सारी चमक फीकी कर दी।

टिकट खरीदकर आए कई दर्शक शो को करीब से देखने के लिए तरस गए। स्टेज की जगह ऐसी चुनी गई कि जनरल स्टैंड से कुछ दिखाई ही नहीं दिया। ऊपर से आतिशबाजी के धुएं ने स्टेडियम की हवा को भारी कर दिया, जिससे कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई। समारोह के अंत में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक राजीव शुक्ला और यूपी T20 लीग के अध्यक्ष डीएस चौहान ने सभी टीमों के कप्तानों की मौजूदगी में लीग का उद्घाटन किया। सितारों की चमक और क्रिकेट का जोश तो था, मगर आयोजन की खामियों ने कई दर्शकों को निराश लौटने पर मजबूर कर दिया। फिर भी, यूपी T20 लीग का आगाज हो चुका है, और अब सबकी नजरें रोमांचक मुकाबलों पर टिकी हैं।

Exit mobile version